तेघड़ा में विधानसभा स्तरीय ELC प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, निबंध एवं क्विज के 20 प्रतिभागी जिला स्तर के लिए चयनित

DNB Bharat Desk

तेघड़ा, 26 नवंबर 2026। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी , बेगूसराय के निर्देशानुसार  निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, 143-तेघड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, श्री नीरज सिन्हा की अध्यक्षता में गुरुवार को अटल कलाम भवन, तेघड़ा में विधानसभा स्तरीय Electoral Literacy Club (ELC) प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी एवं भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना, उनमें निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करना तथा मतदान के महत्व और अपने मताधिकार के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना था।

- Sponsored Ads-

कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज सिन्हा ने कहा कि ELC केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक उद्देश्य और दूरगामी सोच है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं भावी मतदाताओं को अधिक से अधिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनमें मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करना है। आप सभी आने वाले समय में मतदाता बनने वाले हैं। मेरा मानना है कि यदि आप अभी से निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची और मतदान के महत्व को समझने लगेंगे, तो भविष्य में एक जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।

तेघड़ा में विधानसभा स्तरीय ELC प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, निबंध एवं क्विज के 20 प्रतिभागी जिला स्तर के लिए चयनित 2आपकी जागरूकता केवल आप तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि आप अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी मतदान के महत्व तथा अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करें। जब युवा पीढ़ी स्वयं जागरूक होगी और समाज को भी जागरूक करेगी, तभी लोकतंत्र में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित होगी। हमारा प्रयास है कि आज के विद्यार्थी कल के ऐसे जागरूक नागरिक बनें, जो अपने मताधिकार का प्रयोग समझदारी, स्वतंत्रता और जिम्मेदारी के साथ करें।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता की तैयारी विद्यालय स्तर से ही प्रारंभ की गई थी। 143-तेघड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के कुल 22 विद्यालयों में Electoral Literacy Club (ELC) का गठन किया गया था। इन सभी विद्यालयों में ELC के माध्यम से विद्यालय स्तर पर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले श्रेष्ठ छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया। इसी क्रम में चयनित प्रतिभागियों ने अटल कलाम भवन, तेघड़ा में आयोजित विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।

निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मतदाता सूची की शुद्धता एवं मतदान के महत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं क्विज प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण एवं पुनरीक्षण, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की निर्वाचन संबंधी जानकारी, तार्किक क्षमता एवं निर्णय लेने की क्षमता का मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता का संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया।

कार्यक्रम में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता के परिणाम के आधार पर दोनों विधाओं में शीर्ष 10-10 प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस प्रकार कुल 20 छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी श्री नीरज सिन्हा के द्वारा चयनित सभी 20 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अब ये चयनित छात्र-छात्राएं आगामी जिला स्तरीय ELC प्रतियोगिता में 143-तेघड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री ओणम कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, तेघड़ा श्री रजनीश कुमार तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, तेघड़ा एवं बरौनी श्री सुभाष कुमार सहित संबंधित शिक्षकगण एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। भाषा विषय से संबंधित शिक्षकों ने भी प्रतियोगिता के मूल्यांकन एवं आयोजन में अपनी भूमिका निभाई। उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान के दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए शुद्ध मतदाता सूची, निर्वाचन प्रक्रिया की समुचित समझ और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। विद्यालयों में ELC का गठन एवं उसके माध्यम से नियमित गतिविधियों का आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य के जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करने की महत्वपूर्ण पहल है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article