भगवानपुर में ई-शिक्षाकोष पर हाजिरी में लापरवाही, BEO ने 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण, वेतन रोकने की चेतावनी

DNB Bharat Desk

भगवानपुर: प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों पर सख्ती कर दी है। बीईओ ने अनुपस्थित रहने और विलंब से हाजिरी लगाने वाले शिक्षकों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब असंतोषजनक मिलने पर संबंधित तिथि का वेतन स्थगित कर दिया जाएगा।

- Sponsored Ads-

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी भगवानपुर द्वारा 29.04.2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल के अवलोकन में पाया गया कि कई शिक्षकों ने हाजिरी दर्ज नहीं की है या विलंब से दर्ज की है। अधोहस्ताक्षरी द्वारा अप्रैल 2026 का उपस्थिति विवरणी पोर्टल से मिलान कर जमा करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन प्रधानाध्यापकों ने अनुपस्थिति विवरणी बिना मिलान किए ही कार्यालय में जमा कर दी।

पत्र में कहा गया है कि इससे प्रतीत होता है कि कार्य जिम्मेदारी पूर्वक नहीं किया गया। यह प्रधानाध्यापक और संबंधित शिक्षक की मिलीभगत की ओर इंगित करता है, जो कर्तव्यहीनता, मनमानेपन एवं विभागीय आदेश के प्रतिकूल है। बीईओ ने सवाल उठाया कि क्यों न इस कार्य के लिए उच्चाधिकारी को प्रतिवेदित कर दिया जाए।

सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि 24 घंटे के अंदर इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण अधोहस्ताक्षरी को समर्पित करें। स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित तिथि का वेतन स्थगित कर दिया जाएगा।

Share This Article