डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: रोसड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ी पंचायत स्थित हनुमान नगर गांव में एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।महिला का शव घर के अंदर से बरामद किया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, उनके हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने के बाद लूटपाट के दौरान हत्या किए जाने की आशंका भी ग्रामीणों द्वारा व्यक्त की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।मृतका की पहचान हनुमान नगर गांव निवासी प्रेमकला देवी के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वह घर में अकेली रहती थीं।बताया गया कि घर की मरम्मत का काम चल रहा था, इसी वजह से वह गांव में रह रही थीं।सुबह देर तक घर से बाहर नहीं निकलने पर लोगों ने घर में देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई।घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल ने बताया कि वृद्ध महिला का शव घर से बरामद हुआ है। शरीर पर फिलहाल किसी प्रकार के जख्म के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट