जमीनी विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाज के दौरान मौत

DNB Bharat Desk
- Sponsored Ads-

भगवानपुर(बेगूसराय):थाना क्षेत्र के कठरिया गांव के वार्ड संख्या 16 में सोमवार शाम भूमि विवाद को लेकर हुए मारपीट में गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय मोहम्मद एहसान की मंगलवार करीब तीन बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि खेत की जुताई के दौरान विवाद के बाद चाचा पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और खंती से उस पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे बेगूसराय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मृतक की पहचान कठरिया निवासी स्व. जुबैर अहमद के पुत्र मोहम्मद एहसान के रूप में हुई है। वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था। पिता का निधन करीब एक वर्ष पूर्व हो चुका है। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां शहनाज बेगम बदहवास हो गईं और घर में चीख-पुकार मच गई।

खेत की जुताई के दौरान भड़का विवाद

मृतक के भाई मोहम्मद अरमान ने बताया कि सोमवार शाम वह एहसान के साथ ट्रैक्टर से खेत की जुताई करा रहे थे। इसी दौरान चाचा पक्ष के लोग वहां पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि घर लौटने के दौरान चाचा पक्ष के लोगों ने फिर दोनों को घेर लिया और एहसान पर लाठी-डंडे व खंती से हमला कर दिया। मारपीट में वह अचेत होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपित फरार हो गए।

बगल की पुश्तैनी जमीन को लेकर पहले से विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस खेत की जुताई के दौरान विवाद हुआ, उसके बगल में दोनों पक्षों की पुश्तैनी जमीन है। इसी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि उक्त जमीन पर पूर्व से धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू रही है। इसी पुराने विवाद के बीच खेत की जुताई को लेकर सोमवार को फिर विवाद बढ़ गया।

ब्रेन हेमरेज के बाद मौत

घायल एहसान को स्वजन पहले बेगूसराय ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए पटना रेफर कर दिया। बाद में उसे लाखो स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने सिर में गंभीर चोट और ब्रेन हेमरेज की बात बताई थी। मंगलवार करीब तीन बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल व अस्पताल का किया निरीक्षण

सूचना मिलने पर मंगलवार को थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम कठरिया पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अस्पताल भी पहुंची और मामले की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। घटना के बाद चाचा पक्ष के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

एहसान की मौत के बाद कठरिया गांव में मातम पसरा हुआ है। पांच भाइयों में सबसे छोटे एहसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article