डीएनबी भारत डेस्क
शुक्रवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे मस्जिद से नमाज़ अदा कर डेरा लौट रहे 75 वर्षीय एक बुज़ुर्ग को वीरपुर-मोहनपुर रोड पर मोहनपुर की ओर से आ रहे अनियंत्रित बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुज़ुर्ग को प्राथमिक उपचार के लिए वीरपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान वीरपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी मोहम्मद नियाज़ के रूप में हुई है। इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि राम प्रवेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट