डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर थाना क्षेत्र के गेनहरपुर पंचायत के जिंदपुर गांव में एक केस में गवाही देने के बाद, आरोपित सरकारी शिक्षक और उसके दो भाइयों द्वारा पीड़िता तथा उसके पति के साथ मारपीट और अमानवीय कृत्य करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

इस संबंध में जिंदपुर निवासी मो. जहांगीर की पत्नी सहाना खातून ने वीरपुर थाने में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। थाने को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि स्थानीय थाने में दर्ज कांड संख्या 114/26 में उन्होंने गवाही दी थी। इसी रंजिश को लेकर उनके पड़ोसी मो. उमर के पुत्र और सरकारी शिक्षक मो. आबिद, मो. साबिर तथा मो. कादिर ने 27 जुलाई की रात्रि करीब साढ़े नौ बजे मस्जिद के पास बीच सड़क पर उन्हें और उनके पति को रोककर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक मो. आबिद ने अपनी कमर से पिस्तौल निकालकर दिखाते हुए धमकी दी कि यह हथियार खास तौर पर तुम्हीं लोगों के लिए मंगाया गया है। इसके बाद चाकू और लाठियों से लैस दोनों अन्य भाइयों ने पीड़िता और उनके पति के साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि मो. आबिद ने उनकी गर्दन पर हाथ रखकर गाल पर थप्पड़ जड़ा और उनके कपड़े फाड़कर बदसलूकी का प्रयास किया।
आसपास के दर्जनों लोगों को आते देख आरोपी मौके से फरार हो गए, जाते वक्त उन्होंने पीड़िता के कान का एक सोने का झुमका भी छीन लिया। थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट