डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है जहां रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलिया पोखर स्थित बालिका गृह से पांच नाबालिग बच्चियों के खिड़की तोड़कर फरार हो गई है। जैसे ही पांच लड़कियां खिड़की तोड़कर फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खुद बालिका गृह पहुंचे, जहां उन्होंने वार्डन और कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रतनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि बालिका गृह में रह रही पांच नाबालिग बच्चियां अचानक गायब हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि बच्चियों ने बालिका गृह की खिड़की का ग्रिल काटकर बाहर निकलने की कोशिश की। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।इधर, पुलिस ने बच्चियों की सकुशल बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सदर-01 डीएसपी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, तकनीकी और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। जिले के सभी थानों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के जिलों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति के साथ समन्वय बनाकर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी उनकी पहली प्राथमिकता है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सभी बच्चियों को सकुशल बरामद कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
डीएनबी भारत डेस्क