समस्तीपुर: करंट से बिजलीकर्मी की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर पटेल मैदान गोलंबर पर किया सड़क जाम

DNB Bharat Desk

समस्तीपुर में बिजली विभाग में कार्यरत मानव बल राहुल की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को पटेल मैदान गोलंबर पर रखकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे परिजन जमीनी विवाद में साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

- Sponsored Ads-

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सोमवार को करीब 10 बजे राहुल को किसी व्यक्ति का फोन आया, जिसके बाद वह ड्यूटी के लिए चीनी मिल चौक के समीप स्थित एक ट्रांसफार्मर पर काम करने पहुंचा। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे राहुल को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने अस्पताल में समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया और बाद में शव को पटेल मैदान गोलंबर पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

समस्तीपुर: करंट से बिजलीकर्मी की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर पटेल मैदान गोलंबर पर किया सड़क जाम 2परिजनों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति से उनका लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि उसी विवाद के कारण साजिश रचकर राहुल की हत्या कराई गई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल पटेल मैदान गोलंबर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया। इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस परिजनों को समझाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करा रही है।

समस्तीपुर: करंट से बिजलीकर्मी की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर पटेल मैदान गोलंबर पर किया सड़क जाम 3उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद लगाए गए सभी आरोपों और करंट लगने की घटना, दोनों पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाएगी। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article