डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय) थाना क्षेत्र के मानोपुर गांव में चल रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मिट्टी लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई तेघड़ा एसडीएम राकेश कुमार एवं एसडीपीओ कृष्ण कुमार के नेतृत्व में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन को मानोपुर गांव में अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद अधिकारियों ने छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें अवैध खनन में प्रयुक्त मिट्टी लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए भगवानपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रशासन द्वारा मामले की सूचना खनन विभाग को भी दे दी गई है। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कार्यों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर रोक लगाने की दिशा में प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट