डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में पानी का छींटा पड़ने जैसी मामूली बात ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो समुदायों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें छह से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के पकठौल गांव की है। पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत 19 जून को हुई, जब एक पक्ष के मोहम्मद मकसूद अपने घर के बाहर पाइप से नहा रहे थे। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे दूसरे पक्ष के अमर चौधरी पर पानी का छींटा पड़ गया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया। लेकिन 19 जून की रात दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ और 20 जून की सुबह मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों समुदाय के लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर आमने-सामने आ गए। पूरे मोहल्ले में जमकर पथराव हुआ, जिसमें छह से अधिक लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है। इस घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी, एसडीओ, सीओ और बीडीओ ने मोर्चा संभाला। बाद में डीएम श्रीकांत शास्त्री और एसपी मनीष भी गांव पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात पर काबू पाया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। एक पक्ष की ओर से आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर 16 लोगों के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया, जिसमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कुल नौ आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी मनीष ने बताया कि बच्चों के खेलने और पानी गिरने जैसी सामान्य बात को लेकर शुरू हुआ विवाद पूरे मोहल्ले में फैल गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बेगूसराय में एक छोटी सी बात ने जिस तरह हिंसक रूप ले लिया, उसने सामाजिक सौहार्द पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात अब सामान्य हैं, लेकिन गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती जारी है।
डीएनबी भारत डेस्क