हम तो नहीं सुधरेंगे, अवैध रूप से फायरिंग करते युवक का वीडियो वायरल

DNB Bharat Desk

बेगूसराय: बिहार सरकार की सख्ती और जिला प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बावजूद बेगूसराय में हर्ष फायरिंग और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। तस्वीरें बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के बड़ेपुरा गांव की बताई जा रही हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में हथियार लेकर खुलेआम फायरिंग कर रहा है। इतना ही नहीं, फायरिंग का वीडियो बनाने के बाद उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी अपलोड किया गया, जहां से यह तेजी से वायरल हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार वीडियो में दिखाई देने वाला युवक क्षेत्र का ही निवासी है। बताया जाता है कि उसका नाम पहले भी नशे और अवैध गतिविधियों से जुड़े मामलों में सामने आता रहा है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। गौरतलब है कि बेगूसराय में हाल के दिनों में हर्ष फायरिंग और हथियारों के प्रदर्शन के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस लगातार ऐसे मामलों पर कार्रवाई का दावा करती रही है, लेकिन इसके बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन जारी है। ऐसे में यह वायरल वीडियो कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रहा है।

- Sponsored Ads-

फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि हम इस वायरल वीडियो की सत्यता और समय की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करते हैं। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं और कानून तोड़ने वालों पर किस तरह की कार्रवाई होती है।

Share This Article