जमीन सम्बन्धी और हथियार तस्करी मामले में हो रही है छापेमारी।नालंदा पुलिस भी मौजूद।
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) और एसटीएफ पटना की संयुक्त छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह से ही दोनों एजेंसियों की टीम जिले के कई स्थानों पर कार्रवाई में जुटी हुई है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि छापेमारी कितने ठिकानों पर की जा रही है।
बताया जा रहा है कि जमीन कारोबार और हथियार तस्करी से जुड़े मामलों में यह कार्रवाई की जा रही है।जानकारी के अनुसार, भागनबीघा थाना क्षेत्र के पचासा गांव में जदयू युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव नीतीश कुमार तथा भू-माफिया संतोष डॉन के रिश्तेदार के घर पर सुबह से ही छापेमारी जारी है। ईओयू और एसटीएफ की टीम कई घंटों से घर और आसपास के परिसर की गहन तलाशी ले रही है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया गया है। वहीं, खिदरचक गांव में टीम ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे इलाके की निगरानी कर रही है। कार्रवाई को देखते हुए भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल और अन्य सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
हालांकि, अब तक न तो एसटीएफ और न ही आर्थिक अपराध इकाई की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। एसडीपीओ संजय कुमार जायसवाल ने पुष्टि की है कि संतोष डॉन के रिश्तेदार के घर पर करीब दो घंटे से अधिक समय से छापेमारी चल रही है। उन्होंने बरामदगी के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, लेकिन कार्रवाई जारी होने की बात कही है। फिलहाल सभी की निगाहें इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी के नतीजों पर टिकी हुई हैं।
डीएनबी भारत डेस्क