तूफान से हिला राजगीर मलमास मेला, टेंट उड़े, व्यवस्थाएं हुईं प्रभावित।
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले के राजगीर में आयोजित मलमास मेला तेज आंधी और मूसलाधार बारिश की चपेट में आ गया। शुक्रवार सुबह आए तूफान से मेला क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ। सबसे अधिक क्षति टेंट सिटी को पहुंची, जहां कई टेंट फट गए और अंदर रखा सामान खराब हो गया।
तेज हवा के कारण मेला परिसर में लगे होर्डिंग, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री उखड़कर गिर गई। कई जगह पेड़ भी टूटकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। अचानक मौसम खराब होने से मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी व पुलिसकर्मी सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार आंधी-पानी से मेला को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद प्रशासन और मेला समिति नुकसान का आकलन कर क्षतिग्रस्त व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।
डीएनबी भारत डेस्क