जन-जन तक पहुंचे जनगणना का संदेश” : तेघड़ा में प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक

DNB Bharat Desk

तेघड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित अटल कलाम भवन में भारत की जनगणना–2027 के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संचालन को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज जनगणना अधिकारी, तेघड़ा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक एवं जागरूकता बैठक आयोजित की गई। 

- Sponsored Ads-

बैठक में प्रखंड प्रमुख, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, सरपंच, जनप्रतिनिधि, तेघड़ा ग्रामीण चार्ज अंतर्गत सभी पर्यवेक्षक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनगणना कार्य की वर्तमान प्रगति, HLO App के माध्यम से ऑनलाइन डेटा संकलन, सेंसस हाउस नंबर अंकन, फील्ड स्तर पर हो रहे कार्यों एवं HLB-wise प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

जन-जन तक पहुंचे जनगणना का संदेश” : तेघड़ा में प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक 2बैठक की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि सभी जनप्रतिनिधियों ने जनगणना–2027 के सफल संचालन हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वे अपने-अपने पंचायत एवं वार्ड क्षेत्रों में लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाएंगे तथा लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में जानकारी देंगे, ताकि कोई भी परिवार या व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे।

जनप्रतिनिधियों ने यह भी आश्वासन दिया कि उनके माध्यम से गांव-गांव एवं घर-घर तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है। उनके सक्रिय सहयोग से तेघड़ा ग्रामीण चार्ज अंतर्गत जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग एवं सकारात्मक वातावरण बना रहेगा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी, तेघड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधि प्रशासन एवं जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। यदि जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलता है, तो जनगणना कार्य और अधिक प्रभावी, सटीक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न होगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे आम लोगों को सही जानकारी देने, अफवाहों को रोकने एवं जनगणना कार्य में सहयोग हेतु प्रेरित करें।

बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा क्षेत्रीय अनुभवों के आधार पर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। कई स्थानों से सुझाव प्राप्त हुआ कि पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान, माइकिंग एवं जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि जनगणना कार्य में लोगों की सहभागिता और बढ़ सके।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संबंधित पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में त्रुटिरहित जनगणना कार्य सुनिश्चित करें तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों को बेहतर करें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, राशन, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सरकारी योजनाओं की रूपरेखा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही तय की जाती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सही गणना अत्यंत आवश्यक है। बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर जनगणना–2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया।

डीएनबी भारत डेस्क

Share This Article