डीएम श्रीकांत शास्त्री ने दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का किया आगाज
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल सिमरिया गंगा घाट पर दीपोत्सव के दौरान हजारों दीयों की रोशनी ने अद्भुत नजारा पेश किया।घाट का कोना-कोना दीपों से सजाया गया, जिससे गंगा तट स्वर्णिम आभा में नहा उठा। जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई, स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मिलकर दीप प्रज्वलित किए।देखते ही देखते पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठा और दूर से यह दृश्य किसी स्वप्निल संसार जैसा प्रतीत होने लगा।

दीयों की सुंदर कतारों और भव्य आकृतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान ‘मेरे भारत के कंठहार, तुझको शत-शत वंदन बिहार’ गीत से पूरा घाट गुंजायमान रहा, जिसने लोगों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व का भाव जगा दिया।
कार्यक्रम में नमामि गंगे और स्वच्छता पखवाड़ा के संदेश को भी प्रमुखता से रखा गया, ताकि गंगा की निर्मलता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके। इस दौरान डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि सिमरिया धाम न केवल बेगूसराय बल्कि पूरे बिहार की आस्था का केंद्र है। इस दीपोत्सव का उद्देश्य गंगा की स्वच्छता और हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना है।

स्थानीय लोगों की भागीदारी सराहनीय है।दीपोत्सव के इस भव्य आयोजन में डीएम श्रीकांत शास्त्री, डीडीसी और जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे और लोगों के साथ दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।लगातार हो रहे सौंदर्याकरण और विकास कार्यों के चलते सिमरिया घाट पर श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
दीपोत्सव की यह भव्य तस्वीरें साफ इशारा कर रही हैं कि आने वाले समय में सिमरिया देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।फिलहाल, सिमरिया घाट से आई ये तस्वीरें न सिर्फ आस्था बल्कि संस्कृति और स्वच्छता का भी संदेश दे रही हैं।
डीएनबी भारत डेस्क