जमीन विवाद में किसान को मारी गोली, हालत गंभीर, भगवानपुर के शेरपुर गांव की घटना

DNB Bharat Desk

भगवानपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर पंचायत अंतर्गत शेरपुर गांव में बुधवार की देर रात बदमाशों ने एक किसान को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल की पहचान शेरपुर गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी स्वर्गीय शिवजी राय के 40 वर्षीय पुत्र संजय कुमार राय के रूप में की गई है।

- Sponsored Ads-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 12 बजे संजय कुमार राय अपने घर के पीछे बंधे मवेशियों को देखने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा दो राउंड गोली चलाने की बात सामने आई है, जिसमें एक गोली संजय के दाहिने सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के जुटने से पहले ही सभी हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से घायल संजय कुमार राय को आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना अध्यक्ष ऋषिकांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।

थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पूर्व से चले आ रहे जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पीड़ित के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Share This Article