रघुनंदनपुर में नहीं थम रही चोरी की वारदातें, सूने घर को निशाना बना लाखों के जेवरात व सामान उड़ाया

DNB Bharat Desk

भगवानपुर तेयाय ओपी क्षेत्र के रघुनंदनपुर गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बुधवार की रात एक बार फिर चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए मूल्य के जेवरात व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

- Sponsored Ads-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुनंदनपुर गांव वार्ड संख्या 9 निवासी स्वर्गीय नंदनारायण चौधरी के घर में अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि स्व. चौधरी के दोनों पुत्र अमरेंद्र कुमार (दिल्ली) और धर्मेंद्र कुमार (रांची) में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी शांति देवी पटना में रहती हैं। इस कारण घर अक्सर सूना रहता है।

घर के आगे एक कमरे में ग्रामीण सुबोध कुमार सिन्हा कंप्यूटर की दुकान चलाते हैं, लेकिन रात में दुकान बंद कर वे भी अपने घर चले जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और एक-एक कर सभी कमरों का ताला तोड़ डाला। इसके बाद चोरों ने गोदरेज अलमारी का कब्जा उखाड़कर उसमें रखे कीमती सामान चोरी कर लिए।

गुरुवार की सुबह जब सुबोध कुमार सिन्हा दुकान खोलने पहुंचे तो घर का ताला टूटा देखकर वे सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत पाली निवासी दामाद अवनीश सिंह और घर की मालकिन शांति देवी को सूचना दी। सुबोध सिन्हा ने बताया कि उनकी दुकान के गल्ले से भी चोरों ने करीब 1500 रुपये नकद उड़ा लिए।

घटना की सूचना मिलते ही तेयाय ओपी प्रभारी कुमारी निकिता भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। गुरुवार दोपहर शांति देवी भी गांव पहुंचीं और गोदरेज में रखे सामानों की जांच की। उन्होंने बताया कि चोर करीब 5 भरी सोने के जेवर, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण तथा महंगे कपड़े लेकर फरार हो गए।

ओपी प्रभारी कुमारी निकिता भारती ने बताया कि घर के सदस्यों द्वारा ही चोरी गए सामान की पूरी जानकारी दी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में आवेदन नहीं दिया गया था।

गौरतलब है कि इसी घर में पूर्व में भी दो बार चोरी की घटना हो चुकी है। वहीं, 14 अप्रैल को भी गांव में भीषण चोरी की वारदात हुई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Share This Article