डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर।प्रारंभिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) ने प्रखंड के नोडल टीचर, सीआरसी रिसोर्स पर्सन एवं कक्षा 4 से 6 तक के नामित शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीपीओ ने स्पष्ट रूप से कहा कि कक्षा 4 से 6 तक के कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें भाषा और गणित विषय में दक्ष बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एफएलएन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की बुनियादी समझ को मजबूत करना है, ताकि वे आगे की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
बैठक में संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी कजली शील, साधनसेवी उमेश कुमार मिश्रा, अभिषेक कुमार एवं चांदनी कुमारी ने अप्रैल और मई माह के लिए निर्धारित कार्य योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्य दिवस में पहली घंटी भाषा और दूसरी घंटी गणित की कक्षाएं गतिविधि आधारित तरीके से संचालित की जाएं, ताकि बच्चों की सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सके।
साथ ही सभी प्रखंड नोडल टीचर एवं सीआरसी रिसोर्स पर्सन को एफएलएन कार्यक्रम का नियमित अनुश्रवण एवं अनुसमर्थन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, जिससे कार्यक्रम के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट