डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में बुधवार को बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मिडिल स्कूल मेहदौली, प्राइमरी अखाड़ा स्थान लखनपुर सहित अन्य विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधान ने कहा कि वर्तमान समय में जिस तेजी से प्रकृति का दोहन हो रहा है, वह आने वाले समय के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 22 अप्रैल को विश्वभर में पृथ्वी दिवस मनाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाता है। यह दिन हमें यह सोचने का अवसर देता है कि हम अपनी धरती को सुरक्षित रखने के लिए क्या योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते पेड़ों की संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आएं। प्रधान ने सभी छात्र-छात्राओं को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को आत्मसात किया। विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई। इस मौके पर प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिंह, सिकंदर कुमार सुमन, शिक्षक सुमन, अनिल, अमित, अजनीश, संगीता, श्वेता, शानू, पूनम, नितेश, प्रभात, मीरा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट