डीएनबी भारत डेस्क
तेघरा में ईद पर्व के मद्देनज़र अनुमंडल अंतर्गत अटल कलम भवन, तेघरा में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने की। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, सभी थाना अध्यक्ष एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि ईद का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट से बचें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने भी कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी थाना अध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाएं, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी स्थिति से सख्ती से निपटें।
बैठक में उपस्थित सभी थाना अध्यक्षों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को पर्व के दौरान समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया। वहीं, शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि तेघरा में ईद का पर्व हमेशा की तरह शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
अंत में एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि
हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि ईद का पर्व हर्षोल्लास, आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाया जाए, जिससे समाज में एकता और भाईचारा और मजबूत हो।
डीएनबी भारत डेस्क