डीएनबी भारत डेस्क
तेघड़ा स्थित अटल कलाम भवन में आगामी बकरीद पर्व को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राकेश कुमार ने की, जबकि बैठक में कृष्ण कुमार, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने कहा कि तेघड़ा क्षेत्र हमेशा से सामाजिक सौहार्द, भाईचारा एवं आपसी सहयोग का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि यहां सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर हर पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाते हैं। चाहे कृष्ण जन्माष्टमी हो, दुर्गा पूजा हो, ईद हो अथवा बकरीद — सभी पर्व आपसी प्रेम और सम्मान के साथ मनाए जाते हैं। इसी परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी बकरीद पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।*
उन्होंने कहा कि तेघड़ा में जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों का प्रशासन को हमेशा सहयोग मिलता रहा है, जिसके कारण सभी पर्व सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होते रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने एवं सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
*बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह, भड़काऊ पोस्ट, सांप्रदायिक टिप्पणी अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश प्रसारित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।* प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी तथा साइबर सेल के माध्यम से ऐसे तत्वों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो अथवा संदेश को साझा न करें तथा किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही बकरीद पर्व के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाएं ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
डीएनबी भारत डेस्क