डीएनबी भारत डेस्क
अनुमंडल पदाधिकारी तेघरा श्री राकेश कुमार के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को अनुमंडल क्षेत्र के सभी गैस एजेंसी संचालकों एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में रसोई गैस एवं पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को हो रही संभावित परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सभी गैस एजेंसी संचालकों ने एसडीएम को जानकारी दी कि क्षेत्र में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और गैस सिलेंडर का वितरण सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार ही किया जा रहा है। किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी या वितरण में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। एजेंसी संचालकों ने आश्वस्त किया कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
एसडीएम तेघरा ने बैठक के दौरान स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र में गैस या पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचना आवश्यक है, ताकि अनावश्यक भीड़ और अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही एसडीएम तेघरा ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अधिकृत किया है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी समय-समय पर पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण करें, ताकि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम ने यह भी कहा कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, अनियमितता या उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं गैस या पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या या शिकायत हो तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
डीएनबी भारत डेस्क