डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर चलाया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आपको बताते चले कि बेगूसराय में रेलवे प्रशासन की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया।

इस दौरान बरौनी–कटिहार रेलखंड के लखमिनियां रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे की अतिक्रमित जमीन को बुलडोजर के माध्यम से खाली कराया गया।कार्रवाई के दौरान रेलवे लाइन किनारे अवैध रूप से बने कई घर और झोपड़ियों को तोड़कर हटाया गया। बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही वहां बसे लोगों के बीच हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस अभियान का नेतृत्व रेलवे के आला अधिकारियों ने किया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर भारी संख्या में रेलवे पुलिस बल और अधिकारी तैनात रहे।
हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के ही उनके घर और झोपड़ियों को तोड़ा जा रहा है, जिसके कारण लोगों में नाराजगी और आक्रोश भी देखने को मिला।
वहीं रेलवे प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले ही नोटिस दिया गया था और माइकिंग के जरिए भी लोगों को सूचना दी गई थी।फिलहाल रेलवे प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हलचल का माहौल बना हुआ है।
डीएनबी भरत डेस्क