हेलमेट और गमछा पहनकर आए थे तीन बदमाश, मॉडल हाईस्कूल मोहल्ले में सनसनी
डीएनबी भारत डेस्क

समस्तीपुर में राहुल इंटरप्राइजेज नामक एजेंसी में लूट की गई। 3 नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर करीब 12 बजे घुसे और 1 मिनट 40 सेकेंड में ही लूटपाट कर 4.50 लाख रुपए और एक लैपटॉप लेकर भाग निकले।घटना बहादुरपुर मॉडल हाईस्कूल मोहल्ले की है। इस घटना को लेकर दो CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है एक बाइक पर तीन बदमाश एजेंसी के पास पहुंचते हैं। फिर एक-एक कर तीनों हाथ में पिस्टल लिए एजेंसी में घुसते हैं।
एक बदमाश एजेंसी संचालक राहुल को एक कमरे में बंद कर देता है। फिर दूसरा बदमाश राहुल के भाई की कनपट्टी पर पिस्टल रखकर कैश काउंटर खुलवाता है। इसी दौरान एक बदमाश बैग लेकर पहुंचता है, तेजी से कैश भरता है और निकल जाता है। इस दौरान वह एजेंसी का मुख्य दरवाजा बंद भी कर देता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुजेट को जब्त की है। एजेंसी के मालिक राहुल ने कहा कि ऑफिस में 3 बदमाश घुसे थे। तीनों के हाथ में पिस्टल था। बदमाशों के आने से पहले वेंडर वसूली के रुपए लेकर आया था। वेंडर ऑफिस में बैग रखा ही था, तभी बदमाश पहुंच गए।बदमाशों ने मुझे साइड कर दिया और छोटे भाई अंकित पर पिस्टल तान दिया। हमलोग उस समय ऑफिस में 12 लोग थे।
हम काफी डर गए थे। गल्ले में ढाई लाख रुपए थे और वसूली के 2 लाख रुपए थे। सभी रुपए बदमाश लेकर चले गए। बदमाशों के चेहरे पर गमछा और हेलमेट था। इससे किसी को पहचान नहीं पाए। दुकान के बाहर लेगे सीसीटीवी में भी बदमाश दिख रहे हैं। तीनों बदमाश एक बाइक से आए थे। घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस के साथ फॉरेंसिक विभाग और डीआईयू की टीम मौके पर पहुंची।
पीड़ित एजेंजी मालिक से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज मिला है। बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्दी ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। SP अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि तीन बदमाशों ने लूटपाट की है। करीब 4.50 लाख रुपए लूटे जाने की सूचना है। घटना के बाद जिले के सीमाओं को सील कर दिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तार को लेकर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट