डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में एक बार फिर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे कोर्ट परिसर को पुलिस ने अपने नियंत्रण में लेकर सघन जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत बेगूसराय सिविल कोर्ट परिसर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। मुख्य प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। कोर्ट में प्रवेश करने वाले वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों की कड़ी जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष खुद सिविल कोर्ट पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चला रही है। कोर्ट के विभिन्न भवनों, जजों के चैंबर और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की जा रही है।
वहीं सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे और साइबर डीएसपी इमरान अहमद भी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस टीम कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही है और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर के बाहर और आसपास के इलाकों में भी पुलिस गश्ती बढ़ा दी है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। घटना की सूचना के बाद कुछ समय के लिए कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला, हालांकि पुलिस ने जल्द ही स्थिति को सामान्य कर दिया।
प्रशासन का कहना है कि धमकी की सूचना को गंभीरता से लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले 28 जनवरी 2026 को भी बेगूसराय सिविल कोर्ट को ईमेल के माध्यम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी और कुछ समय के लिए न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ था। मेल में दोपहर 1 बजे तक कोर्ट को उड़ाने का अल्टीमेटम दिया गया था और जजों को कोर्ट से बाहर निकलने की चेतावनी दी गई थी।
हालांकि इस बार मिले धमकी भरे मेल की सामग्री का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस और साइबर टीम मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
डीएनबी भारत डेस्क