बहादुरपुर में फिल्मी अंदाज में हमला, सिने कारोबारी और लोजपा नेता को निशाना बनाकर बरसाईं गोलियां
डीएनबी भारत डेस्क

समस्तीपुर:नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में लोजपा (आर) के नेता सह सिने कारोबारी रोहित कुमार उर्फ अंटू ईस्सर पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी हालांकि वो बाल बाल बच गए लेकिन इस दौरान उनके साथ मौजूद एक युवक को कंधे में गोली लग गयी, जिससे वह जख्मी हो गया।
जख्मी युवक को आसपास के लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार जारी है। जख्मी की पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के खैरी के रहने वाले शुभम कुमार उर्फ इशू के रूप में की गयी है। घटना के संबंध में बताया गया है कि लोजपा नेता चार चक्का वाहन से उतरकर अपने घर के बाहर साथियों के साथ खड़े थे। इसी दौरान वहां पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
इस दौरान लोजपा नेता के साथ मौजूद शुभम सिंह उर्फ इशू को गोली लग गयी। घटना के बाद सभी बदमाश जितवारपुर की ओर फरार हो गये। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय भी पहुंच मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
इस संबंध में एसडीपीओ संजय कुमार पांडे भी घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित से मिलने पहुंचे और घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ बदमाशों ने रोहित कुमार उर्फ अंटू ईस्सर पर कई गोलियां चलाई हालांकि गोली उन्हें लगने के बजाय उनके एक साथी को लगी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद की है। उन्होंने बताया कि बदमाशों की शिनाख्त कर ली गई है जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट