नालंदा:नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक बार फिर भीड़ का क्रूर चेहरा देखने को मिला है। राजगीर थाना क्षेत्र के झुंनकियां बाबा मंदिर के पास चोरी के शक में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान पिंटू पासवान और श्रवण के रूप में हुई है। दोनों युवक गंजपर के रहने वाले है। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने दोनों युवकों को राजगीर मलमास मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए और बाद में उन्हें चोर बताकर झुनकिया बाबा मंदिर के समीप बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पहले इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों का कहना है कि दोनों युवक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और उनका किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं था। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। मृतक श्रवण कुमार की बहन ने बताया कि कई वर्ष पहले पिता का साया सिर से उठ गया था। ऐसे में श्रवण कुमार ही पूरे परिवार का सहारा था। उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वहीं राजगीर डीएसपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोनों युवकों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार दोनों को चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने पकड़ा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है
