बदहाली के बीच संस्कृति बचाने की जंग।नवमी-दशमी पर दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम
डीएनबी भारत डेस्क

नवरात्र के नवमी और दशमी के अवसर पर श्री नालंदा नाट्य संघ की ओर से दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा ने किया।
इस मौके पर समाजसेवी ने कहा कि वर्ष 1955 से लगातार आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से भारतीय संस्कृति और परंपरा को जीवंत करने का प्रयास किया। नालंदा नाट्य संघ अपने संसाधनों से बच्चों और युवाओं को गीत-संगीत, नाटक और गायन का प्रशिक्षण देकर सांस्कृतिक विरासत को बचाने में जुटा है।
वही संस्थान के कलाकारों ने कहा कि सरकारी उदासीनता और प्रशासनिक सहयोग की कमी के कारण संस्थान आज भी बदहाली का दंश झेल रहा है।श्री नालंदा नाट्य संघ के कलाकारों ने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों ने भक्ति गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं कलाकारों ने शंकर तांडव, ताड़का वध जैसी प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।संस्थान के कलाकारों का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी मोबाइल की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है, जिससे बच्चे अपनी सांस्कृतिक विरासत से दूर होते जा रहे हैं। रासलीला और पारंपरिक नाटकों का स्थान पश्चिमी सभ्यता लेती जा रही है।
ऐसे में नाट्य संघ वर्ष 1955 से ही भारतीय कला और संस्कृति को संरक्षित करने का प्रयास कर रहा है।कलाकारों ने यह भी कहा कि नालंदा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कला को प्रोत्साहित करने के लिए उचित माहौल और सरकारी सहयोग का अभाव है। जिले में आज तक एक भी थियेटर का निर्माण नहीं हुआ है।
डीएनबी भारत डेस्क