डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में पांच सूत्री मांगों को लेकर ई-रिक्शा चालकों ने नगर निगम और बिहार सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ई-रिक्शा चालकों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और नगर निगम पर मनमानी और अवैध वसूली का आरोप लगाया।

इस प्रदर्शन कर रहे ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि नगर निगम द्वारा उनके साथ लगातार मनमानी की जा रही है। और जबरन बैरियल के नाम पर वसूली की जाती है। चालकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी ई-रिक्शा चालकों को अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं।ई-रिक्शा चालकों ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि जितने भी पुराने ई-रिक्शा हैं, उनका आधार कार्ड की प्रति के आधार पर रजिस्ट्रेशन किया जाए।
साथ ही जिन ई-रिक्शा चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस है, उनका लाइसेंस न्यूनतम शुल्क पर बनवाने की व्यवस्था की जाए।चालकों का यह भी कहना है कि नगर निगम पार्किंग के नाम पर 1300 रुपये वसूलता है, लेकिन इसके बावजूद शहर में कहीं भी ई-रिक्शा के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि हर प्रखंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर ई-रिक्शा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाया जाए।
ई-रिक्शा चालकों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा की जा रही अवैध वसूली को अविलंब बंद किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में इससे भी उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन, नगर प्रशासन, बिहार सरकार और केंद्र सरकार की होगी।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
डीएनबी भारत डेस्क