नगर परिषद बीहट में लगातार बेहतर और जनता के हित में कार्य किया जा रहा है – उपमुख्य पार्षद
डीएनबी भारत डेस्क
नगर परिषद बीहट में विकास के नाम पर मनमानापूर्ण रवैया और भ्रष्टाचार का आरोप झेल रही मुख्य पार्षद बबीता देवी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में

एक सिरे से ही खारिज कर दिया। उन्होंने कहा नगर परिषद बीहट में विगत 10 वर्षों में जितना विकास कार्य नहीं हुआ, उसे मात्र 03 सालों के छोटे कार्यकाल में पूरा कर दिखाया है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा जिन्हें नगर क्षेत्र में विकास कार्य नही दिख रहा है तो ऐसे लोगों के बारे में इतना ही कहूंगी कि आपकी मांगों से बढ़कर विकास कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का लेखा-जोखा रखते हुए बताया कि विगत पांच वर्षों से बंद पड़े 27 पुराना हाईमास्ट का मरम्मति कराया गया और स्क्रैप सभी सामानों को सुरक्षित नगर परिषद के गोदाम में रखा गया है।
वहीं सभी 37 वार्डों में 75 हाईमास्ट लगाया गया है। 5500 स्ट्रीट लाइट जिसका टेंडर कराया गया था उसकी स्वीकृति मिल चुकी है। सभी पार्षदों की सूची मिलने के बाद एक महीने के अंदर स्थान की जांच के बाद लगाया जाना शुरू कर दिया जायेगा।नल जल योजना की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार के निर्देश के आलोक में कुछ जगहों पर मरम्मति कराया गया था। अब सरकार के नये निर्देश के आलोक में यह कार्य पीएचइडी विभाग द्वारा कराया जाना है।इसके लिए टेंडर कर दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही सभी 37 वार्डों में नल-जल योजना को पूर्ण किया जायेगा।
आवास योजना में धांधली का आरोप लगाने वाले पार्षदों को आड़े हाथों लेते हुए कहा पार्षदों की सूची पर ही अब तक 1900 आवास योजना दिया गया है।
कई गरीब परिवार छूट गये हैं,इसके लिए उत्तरदायी कौन हैं। साफ-सफाई के सवाल पर कहा वर्तमान सफाई एजेंसी बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा आवास योजना के इस सूची में गरीब छूट गये हैं और अमीर जूट गये है,इसकी जांच होगी। वहीं उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ने कहा नगर परिषद बीहट में लगातार बेहतर और जनता के हित में कार्य किया जा रहा है तो धरना पर बैठने वालों के नीति और नियत पर सवाल उठना स्वभाविक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात कहना जायज है लेकिन सिर्फ विरोध के लिए विरोध ना करें विकास कार्यों को भी देखना चाहिये। नगर परिषद द्वारा जनहित में दो प्याऊ सिमरिया धाम में बनाया गया है,एक शेष है।
जबकि रामजानकी मंदिर और बड़की दुर्गा मंदिर बीहट परिसर मे बनाया जाना है।जीरोमाइल से लेकर बीहट चांदनी चौक तक लोगों की सुविधा के लिए 5 पिंक शौचालय बनेगा। 106 योजनाओं में 96 योजना का एनओसी पार्षदों द्वारा मिला था,जिसका कार्य चल रहा है। ऐसी परिस्थिति में विरोध ठीक नहीं है।हम विकास के साथ हैं और आगे भी रहेंगे। वहीं सशक्त कमिटी के सदस्य सह वार्ड पार्षद अशोक सिंह ने कहा कि धरना-प्रदर्शन करने वाले लोग नये कार्यपालक पदाधिकारी पर मानसिक दबाव बना रहे हैं।यदि सच में पार्षदों को विकास की चिंता है तो नगर प्रशासन के साथ मुख्य पार्षद और उपमुख्य पार्षद के साथ सांमजस्य बनायें। प्रेस वार्ता में मुख्य पार्षद बबीता और उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश के साथ स्थायी सशक्त कमिटी के सदस्य अशोक सिंह, नेहा पटेल, प्रमिला देवी, मैमूंनिशा, वार्ड पार्षद राजाराम पासवान, पूजा कुमारी सहित अन्य मौजूद थे।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट