नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के आसानगर संगतपर की घटना
डीएनबी भारत डेस्क
सोहसराय थाना क्षेत्र के आशानगर मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोरों ने घर का ताला काटकर करीब 8 लाख रुपये के जेवर और कीमती सामान की चोरी कर ली।

बताया जाता है कि गृहस्वामी उमेश कुमार, जो बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से सेवानिवृत्त सेक्शन ऑफिसर थे जो फिलहाल अपने परिवार के साथ पटना में रह रहे थे। उनका मकान सोहसराय में है, जिसके ग्राउंड फ्लोर पर किरायेदार रहते हैं, जबकि ऊपर का पूरा हिस्सा खाली था। चोरों ने एक-एक कर कुल पांच कमरों का ताला काटा और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, पित्तल के बर्तन समेत करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
घटना की जानकारी तब हुई जब स्थानीय लोगों ने घर का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना गृहस्वामी को दी। इसके बाद जब घर के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई तो उसमें दो युवक झोले में सामान लेकर पैदल जाते हुए दिखाई दिए।
घटना की सूचना तुरंत सोहसराय थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएनबी भारत डेस्क