दनियालपुर, तेघड़ा 90 वर्षीय परम पूज्य महंत श्री श्री 108 श्रीरामनारायण दास जी महाराज के निधन के अवसर पर
डीएनबी भारत डेस्क

श्री रामजानकी राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी, दनियालपुर, तेघड़ा के 90 वर्षीय परम पूज्य महंत श्री श्री 108 श्रीराम नारायण दास जी महाराज के निधन के उपरांत मंदिर परिसर में भव्य श्रद्धांजलि सभा एवं संत सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सनातन परंपरा के अनुसार वैदिक विधि-विधान और श्राद्धकर्म से हुई। इसके उपरांत रामचरित मानस प्रचार संघ (बिहार प्रांत) के उपाध्यक्ष रामबली सिंह की अध्यक्षता में रामायण गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें संतों और धर्मप्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बिहार के विभिन्न जिलों से पधारे संत-महात्माओं की उपस्थिति से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में रामबली सिंह ने कहा,
ब्रह्मलीन महंत श्रीरामनारायण दास जी का सम्पूर्ण जीवन सेवा, साधना और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा। उन्होंने हजारों लोगों को धर्म, कर्म और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा दी, और उनका दिव्य मार्गदर्शन आज भी श्रद्धालुओं के हृदय में जीवित है ।
सभा में श्री राम जानकी न्यास समिति, अयोध्या के निवर्तमान अध्यक्ष ब्रह्मलीन महंत जी के उत्तराधिकारी के रूप में सर्वसम्मति से महामंडलेश्वर राम सेवक दास जी (मौनी बाबा) को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया। साथ ही महंत विश्वा मोहन दास जी (राम जानकी मंदिर, पातेपुर) को उपाध्यक्ष तथा परमशिष्य दयानंद जी महाराज को पूजापाठ प्रधान सेवक के रूप में नामित किया गया। यह अंतरिम व्यवस्था बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद द्वारा नई न्यास समिति के गठन तक प्रभावी रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं एवं सैकड़ों साधु-संतों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित संत समाज ने ब्रह्मलीन महंत जी द्वारा आरंभ किए गए मंदिर निर्माण कार्य को ग्रामवासियों और धर्मावलंबियों के सहयोग से पूर्ण करने का संकल्प लिया तथा श्री राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर, दनियालपुर की सुरक्षा, संवर्धन और विकास की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी दोहराया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रार्थना करते हुए कहा –
हे ईश्वर! पूज्य महंत जी की आत्मा को शांति प्रदान करें और उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
इस गरिमामयी आयोजन में महंत गोपाल दास जी महाराज, भगवान राम उर्फ बालक बाबा, बृजनंदन दास जी, भोला दास जी, सिस्टम बाबा, राजेन्द्र प्रसाद, फुलेना प्रसाद सिंह, अच्युतानंद सिंह, राम अहलाद सिंह, राम बाबू सिंह, राम कुमार कुँवर, हरे राम राय, संजय राय, सुनील कुमार सिंह (प्रबंधक, सेंट पॉल पब्लिक स्कूल, तेघड़ा), संजीव कुमार सिंह , राम कुमार मिश्रा, भीम कुमार, मनोज कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं की सम्मानजनक उपस्थिति रही।
डीएनबी भारत डेस्क