समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में मचा हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

DNB Bharat Desk

समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलवे ट्रैक के पास धर्मपुर क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि परिजनों का दावा है कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। इस घटना ने पुलिस और स्थानीय निवासियों को चौंका दिया है। धर्मपुर रेलवे ट्रैक पर रविवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली,

- Sponsored Ads-

जिसमें मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। फोन के माध्यम से मृतक की पहचान काशीपुर वार्ड 37 निवासी 30 वर्षीय टिंकू कुमार के रूप में की गई। टिंकू के भाई दिलीप कुमार ने बताया कि उनका भाई शहर के समाज रोड पर स्थित गुटका एजेंसी में कार्यरत था। शनिवार शाम 4 बजे वह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक फोन कॉल के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि धर्मपुर रेलवे ट्रैक पर एक शव मिला है।

मृतक के पास से मिले मोबाइल में उनका नंबर सेव था, जिसके आधार पर परिवार को बुलाया गया। घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान टिंकू के रूप में की। दिलीप ने आरोप लगाया कि उनके भाई की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया, ताकि यह आत्महत्या या ट्रेन से कटने का मामला लगे। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष पिंकी प्रसाद ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला ट्रेन से कटने का लग रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर परिजनों की ओर से हत्या का आवेदन दिया जाता है, तो उस पहलू पर भी जांच की जाएगी।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article