डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:रोसड़ा थाना क्षेत्र के बदीया टोल मब्बी गांव में अपराध की योजना बना रहे आठ बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लोडेड पिस्टल, देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, विदेशी मुद्रा, विदेशी शराब और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।

इस संबंध में रोसड़ा थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर समस्तीपुर ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद पुलिस टीम ने बदीया टोल मब्बी गांव में अमित कुमार के दलान पर छापेमारी की। वहां अपराध की योजना बना रहे आठ बदमाश लड़कों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक सेमी ऑटोमैटिक लोडेड पिस्टल मैगजीन, एक देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, एक ऑटोमैटिक चाकू, आठ मोबाइल, तीन लीटर विदेशी शराब, 59 हजार 500 रुपये नकद, 11 अमेरिकी डॉलर और पांच यूरो बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा तीन चारपहिया वाहन और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी बदमाश रोसड़ा, हसनपुर और बिथान थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें रोसड़ा थाना क्षेत्र के महुली निवासी गुलशन कुमार, सहियार बुर्ज निवासी अमित कुमार, सुमित कुमार, शोभित कुमार, सुनील कुमार और जीत कुमार शामिल हैं। वहीं, हसनपुर थाना क्षेत्र के सभेपुरा गांव निवासी मनखुश कुमार तथा बिथान थाना क्षेत्र के सीहमा गांव निवासी विनय कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
सभी बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।रोसड़ा पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट