लहेरी थाना क्षेत्र की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के बिहारशरीफ में चोरी के शक में कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है। लहेरी थाना क्षेत्र के मेहरपर मोहल्ले में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।जख्मी युवक की पहचान बड़ी पहाड़ी निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है।

युवक के मुताबिक, वह चोरी का सामान किसी व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान मेहरपर मोहल्ले के लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से युवक को छुड़ाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ में भर्ती कराया।
हैरानी की बात यह रही कि इलाज के दौरान जख्मी युवक ने अस्पताल से भी भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों और डायल 112 की टीम ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। इलाज कराने के बाद पुलिस युवक को अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
डीएनबी भारत डेस्क