डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर (बेगूसराय): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर वीरपुर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रखंड क्षेत्र में सरकारी स्तर पर चिह्नित कुल 45 छठ घाटों का निरीक्षण करने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों का वर्गीकरण किया है। इन घाटों पर छठ व्रती पूरे भक्ति भाव के साथ अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगे।

प्रशासन ने 45 में से एक घाट को अति खतरनाक घोषित करते हुए वहां छठ व्रतियों के जाने और पूजा-अर्चना करने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा, 12 घाटों को खतरनाक और 25 घाटों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी भाई वीरेंद्र, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार शक्तिधर और थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने-अपने टोला और मोहल्ले में ही छठ पूजा मनाएं, ताकि प्रमुख घाटों पर अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश की उत्तम व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, साथ ही घाटों पर भीड़-भाड़ जमा न होने दें। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छठ घाटों पर पटाखे फोड़ने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट