डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय के चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस ने फरार चल रहे पांचवें आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी सूरज महतो के घर पर पुलिस ने ढोल-बाजे के साथ इश्तिहार चिपकाया है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को इनाम देने की भी घोषणा की गई है।

वहीं, पीड़िता की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने उसके घर पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को हरसंभव मदद दी जा रही है और मामले में स्पीडी ट्रायल चलाया जा रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर एसपी मनीष कुमार ने कुछ मीडिया रिपोर्टों में किए जा रहे दावों का खंडन भी किया है। दरअसल, पूरा मामला बेगूसराय के चकिया थाना क्षेत्र का है। जहां 11 जून को एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले में चकिया थाना कांड संख्या 56/26 के तहत तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष कुमार के निर्देश पर विशेष टीम और डीआईयू की टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामू महतो को गुजरात के गांधीनगर से गिरफ्तार किया, जबकि सोली बिंद उर्फ सोलिया को शाम्हो दियारा से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, पांचवां आरोपी सूरज महतो अब भी फरार है। जिसके घर पर पुलिस ने ढोल-बाजे के साथ इश्तिहार चिपकाया है और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया है।इधर, 10 नवंबर की रात इसी महिला के साथ मारपीट की एक नई घटना सामने आई।
आरोप है कि दो बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसे घर की छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद परिजन पहले बरौनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और फिर बेहतर इलाज के लिए महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला के फर्द बयान पर चकिया थाना में कांड संख्या 134/26 दर्ज किया गया। इस मामले में पड़ोसी अशोक महतो के पुत्र भोगल महतो को नामजद किया गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वहीं, पुलिस ने पीड़िता को इलाज के बाद सुरक्षित घर पहुंचाया है और उसकी सुरक्षा के लिए घर पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।इस पूरे मामले पर एसपी मनीष कुमार ने मीडिया में प्रसारित कुछ खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि 10 नवंबर की वर्तमान घटना में मारपीट का मामला सामने आया है। इसे गैंगरेप की घटना से जोड़कर प्रचारित करना गलत है। एसपी के अनुसार, पुराने गैंगरेप मामले के चार आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि पांचवें फरार आरोपी के खिलाफ इनाम घोषित करने के साथ कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है। गैंगरेप के पुराने मामले में स्पीडी ट्रायल चलाया जा रहा है।
फिलहाल, सदर डीएसपी टू कुमारी दुर्गा शक्ति के नेतृत्व में चकिया थाना पुलिस दोनों मामलों के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।बहरहाल, एक तरफ गैंगरेप के पुराने मामले में फरार पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, तो दूसरी तरफ पीड़िता के साथ हुई ताजा मारपीट की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।
डीएनबी भारत डेस्क