डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। प्रखंड क्षेत्र के मिडिल स्कूल मेहदौली सहित विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को चेतना सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण की साफ-सफाई तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।

फोकल शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ-सुथरा परिवेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नियमित स्नान करने, नाखूनों की सफाई रखने, साफ कपड़े पहनने, भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही खुले में शौच से होने वाली बीमारियों, रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने तथा स्वच्छ भोजन के महत्व की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को हाथ धुलाई एवं स्वच्छता से संबंधित मॉक ड्रिल भी कराई गई, ताकि वे दैनिक जीवन में इन आदतों को व्यवहार में ला सकें। इसके अलावा कचरा प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी देते हुए हरे एवं नीले रंग के कूड़ेदान के सही उपयोग और गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में बताया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों को अपने घर और आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर शिक्षक सुमन, अजनीश, अमर शंकर, अमित, प्रभात, जय प्रकाश, ऋतु, संगीता, मीरा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट