डीएनबी भारत डेस्क
नव-निर्मित श्री राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर, तेघड़ा एन.एच.-28 चौक में भगवान की मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभ अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महामंडलेश्वर महंत रामसेवक दास जी महाराज उर्फ़ मौनी बाबा के निर्देशन में आयोजन समिति द्वारा 22 जून 2026, सोमवार को प्रातः 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

यह श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओत-प्रोत कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार चौक के रास्ते तेघड़ा के पूर्वी क्षेत्र स्थित गौशाला तक पहुँची। वहाँ से पुनः बाजार चौक एवं सत्संग भवन होते हुए तेघड़ा के पश्चिमी क्षेत्र कैंची मोड़ तक गई तथा पुनः बाजार मार्ग से होते हुए श्री राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई।
लगभग छह किलोमीटर लंबी इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।इस ऐतिहासिक एवं अलौकिक कलश यात्रा में 1001 कुंवारी कन्याओं ने उत्साह, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ सहभागिता की। यात्रा की विशेष आकर्षण हाथी, घोड़े, ऊँट तथा ढोल-नगाड़ों एवं गाजे-बाजों की भव्य झांकियाँ रहीं।
इन मनोहारी दृश्यों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं देवताओं का आगमन हो गया हो।
भक्तिमय धुनों, वैदिक स्वस्तिवाचन एवं भगवान के जयघोष से सम्पूर्ण तेघड़ा अनुमंडल क्षेत्र गूंज उठा। सनातन धर्मावलंबियों, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों की विशाल उपस्थिति ने इस धार्मिक आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
वाद्ययंत्रों की मधुर स्वर-लहरियों एवं वैदिक मंत्रोच्चार ने श्रद्धालुओं को भक्ति-रस में भावविभोर कर दिया।
दनियालपुर सहित तेघड़ा एवं आसपास के अनेक गाँवों के लिए यह आयोजन ऐतिहासिक, अविस्मरणीय एवं गौरवपूर्ण बन गया। श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व सहभागिता और उत्साह ने इस कलश यात्रा को क्षेत्र की एक यादगार धार्मिक घटना के रूप में स्थापित कर दिया।
आगामी कार्यक्रम
23 जून 2026 – नगर भ्रमण
24 जून 2026 – प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
25 से 26 जून 2026 – महायज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान
27 जून 2026 – पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारा
जय श्री राम । जय श्री राधे-कृष्ण ।
सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का यह महोत्सव 27 जून तक श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न होगा।
डीएनबी भारत डेस्क