डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र में चैती दुर्गा पूजा का समापन अत्यंत श्रद्धा, आस्था और भावुक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। मां कालिका चैती दुर्गा माता के विसर्जन के दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

विसर्जन जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आर्केस्ट्रा और अंग्रेजी बाजा की धुन पर युवा और बच्चे झूमते-नाचते नजर आए। जगह-जगह लोग जुलूस का स्वागत करते दिखे और पूरे रास्ते “जय माता दी” के जयघोष से क्षेत्र भक्तिरस में डूबा रहा।
मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ निकली यह भव्य शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए निर्धारित विसर्जन स्थल तक पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ माता का विसर्जन किया गया। इस दौरान कई श्रद्धालु भावुक हो उठे और उनकी आंखें नम हो गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेला समिति की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष अरबिंद मंडल, सचिव अनिल महतो, कोषाध्यक्ष अमरजीत महतो सहित सदस्य विंध्याचल राय, चिंटू महतो, आदित्य कांत शर्मा, गुड्डू चौधरी एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। भक्तों ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरा यह विसर्जन कार्यक्रम भगवानपुर क्षेत्र में एक यादगार पल बन गया, जहां एक ओर भक्ति का सागर उमड़ा, वहीं दूसरी ओर मां के विदा होने का दर्द भी लोगों की आंखों में साफ झलकता रहा।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट