नालंदा: पीएमएस कॉलेज में वित्तीय गड़बड़ी के आरोप पर शिक्षकों का हंगामा, किया सचिव का पुतला दहन

DNB Bharat Desk

पीएमएस कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सोमवार को शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का आक्रोश सड़कों पर दिखा। अस्पताल चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने कॉलेज के सचिव डॉ. रघुनाथ प्रसाद कच्छवे का पुतला दहन किया तथा अनुदान वितरण में भारी गड़बड़ी और पक्षपात का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि करीब ढाई करोड़ रुपये के सरकारी अनुदान और सुरक्षा कोष की राशि का वितरण पारदर्शी तरीके से नहीं किया गया। आरोप है कि अधिकांश शिक्षकों को कम राशि दी गई, जबकि कुछ लोगों को नियमों के विरुद्ध अधिक भुगतान किया गया। शिक्षकों ने यह भी कहा कि बार-बार मांग के बावजूद आमसभा नहीं बुलाई जा रही, जिससे मामले की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

नालंदा: पीएमएस कॉलेज में वित्तीय गड़बड़ी के आरोप पर शिक्षकों का हंगामा, किया सचिव का पुतला दहन 2आंदोलनरत शिक्षकों ने कुलपति और कुलाधिपति सहित संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यह आंदोलन भ्रष्टाचार के खिलाफ और सभी कर्मचारियों के साथ न्यायपूर्ण अनुदान वितरण सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Share This Article