डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर (बेगूसराय) समेकित बाल विकास परियोजना के निर्देशानुसार गुरुवार को वीरपुर प्रखंड क्षेत्र की नौला, डीह, भवानंदपुर, वीरपुर पूर्वी, वीरपुर पश्चिमी, गेंहरपुर, जगदर और पर्रा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सीडीपीओ नीतेश कुमार, महिला पर्यवेक्षिका डेजी गांधी एवं रामा कुमारी ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सेविकाओं ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए दो से चार आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से पोषक क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं का गोदभराई संस्कार संपन्न कराया।
कार्यक्रम में उपस्थित गर्भवती महिलाओं और उनके अभिभावकों को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, जरूरी टीकाकरण, स्वास्थ्य देखभाल तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ व नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसी क्रम में वीरपुर पूर्वी पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 41 पर केंद्र संख्या 90 और 91 का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सेविका अलका कुमारी, सोनी कुमारी, सावित्री कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट