डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर पूर्व विधायक शिवदानी बाबू के निधन की खबर मिलते ही सीपीआई सहित उनके विचारों से प्रभावित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में सीपीआई अंचल कार्यालय पर पार्टी का लाल झंडा झुका दिया गया।
दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सीपीआई के पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक रामरतन सिंह, पूर्व विधायक सह जिला मंत्री अवधेश राय, जिला सचिव दिनेश सिंह, प्रहलाद सिंह, जुलुम सिंह, अंचल मंत्री रामप्रवेश सिंह, पूर्व अंचल मंत्री चंद्रप्रकाश सिंह, अंचल मंत्री मनोज कुमार, पूर्व मुखिया चंद्रभूषण प्रसाद सिंह, पंचायत समिति सदस्य रीता चौरसिया सहित वीरपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के शाखा मंत्री तथा जिले भर से बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता पहुंचे।
इससे पूर्व पार्थिव शरीर पर सीपीआई के पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, बछवाड़ा विधायक सह जिला मंत्री अवधेश राय, तेघड़ा के पूर्व विधायक रामरतन सिंह और अंचल मंत्री रामप्रवेश सिंह आदि ने पार्टी का लाल झंडा ओढ़ाकर उन्हें अश्रुपूर्ण ‘लाल सलाम’ पेश किया और अंतिम विदाई दी।
इस मौके पर उपस्थित नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से क्षेत्र ने एक सच्चा, कर्मठ और ईमानदार नेतृत्व खो दिया है। नेताओं ने कहा कि शिवदानी बाबू के अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और आज हम सभी को उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट