चार गैलन में रखी थी शराब, सिलेंडर व शराब बनाने के उपकरण जब्त; धंधेबाज फरार
डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित राजा घाट के समीप बलान नदी किनारे चल रही देशी शराब की भट्ठी पर गुरुवार को पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से शराब चुलाई में जुटे लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही धंधे में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने वहां से 60 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब 15-15 लीटर क्षमता वाले चार गैलन में रखी हुई थी। छापेमारी के दौरान शराब चुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे 14 किलो क्षमता वाले तीन गैस सिलेंडर, चार टीन के चुलाई उपकरण, तीन एल्युमिनियम तसले, दो मुंह वाले पाइप लगे दो रेगुलेटर, तीन प्लास्टिक डोल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
थाना अध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि बरामद शराब और चुलाई के सभी उपकरणों को जब्त कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर शराब निर्माण और कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट