डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर से इस वक्त की बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है।बिहार सरकार के मंत्री और जदयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा द्वारा यादव समाज को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री के बयान पर वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र के मथुरापुर निवासी राजद नेता जमशेद आदिल ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
जमशेद आदिल ने मंत्री के बयान की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी जाति या समाज को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यादव समाज देश और बिहार के सामाजिक, कृषि, शिक्षा, खेल और राजनीतिक क्षेत्र में लंबे समय से योगदान देता रहा है।जमशेद आदिल ने कहा कि बिहार सामाजिक भाईचारे और विविधता की धरती है, इसलिए जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को बयान देते समय भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री से भी पूरे मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है।वहीं, जमशेद आदिल ने बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और समस्तीपुर तथा जमुई की घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार से कानून-व्यवस्था पर जवाब देने की मांग की हालांकि अब देखना होगा कि यादव समाज को लेकर दिए गए इस बयान पर सियासी विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट