डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:बिहार में जमुई, मधेपुरा और बांका के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. समस्तीपुर जिले से एक बार फिर लड़की के साथ सरेआम अभद्रता, मारपीट और कपड़े खींचने की शर्मनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जिले में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से परिजनों और बेटियों के बीच डर का माहौल व्याप्त हो गया है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पीड़ित लड़की अपनी इज्जत बचाने के लिए लोगों से दया की गुहार लगा रही है। लेकिन दबंग उसके साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने से बाज नहीं आ रहे हैं. मामले की जानकारी मिलते ही रोसरा DSP संजय कुमार ने मीडिया को दूरभाष पर बताया- समस्तीपुर जिले में कल्याणपुर नाम से कई गांव और एक ब्लॉक भी स्थित है. बताया जा रहा है कि वीडियो विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर का है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है. घटनास्थल का सटीक पता लगाने और मामले की पुष्टि के लिए पुलिसकर्मियों की टीम को तुरंत रवाना किया गया है.
वीडियो का सत्यापन होते ही आरोपियों के खिलाफ नामजद और सख्त धाराओं में कार्रवाई होगी. अगर पीड़िता के परिजन शिकायत दर्ज नहीं कराते हैं, तो पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज करेगी। समस्तीपुर में लगातार हो रही तीसरी वारदात को लेकर बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया है.
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी लगातार हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और पुलिस से सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की हैभाकपा माले जिला स्थाई समिति के सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने में लगी रहती है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर स्पीडी ट्रायल चलाकर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क से लेकर संसद तक उग्र आंदोलन करेंगे
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट