डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में सोशल मीडिया पर रील बनाने और धौंस जमाने के लिए हथियारों के प्रदर्शन का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। एक बार फिर एक युवक का हाथ में हथियार लेकर भोजपुरी गाने पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं कि किस तरह एक युवक हाथ में हथियार लेकर भोजपुरी गाने पर वीडियो बनाता नजर आ रहा है। युवक बेखौफ होकर हथियार का प्रदर्शन करते हुए रील बनाता है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एक युवक के हथियार के साथ भोजपुरी गाने पर रील बनाने का वीडियो सामने आया है। उन्होंने बताया कि थाना अध्यक्ष को वीडियो का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है।
डीएसपी के मुताबिक, यदि वीडियो में दिख रहा हथियार और युवक की पहचान की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।सोशल मीडिया पर लगातार हथियारों के प्रदर्शन वाले वीडियो सामने आने से स्थानीय लोगों के बीच भी कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है।
अब देखना होगा कि पुलिस वायरल वीडियो में नजर आ रहे युवक तक कब पहुंचती है।
डीएनबी भारत डेस्क