डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड के चमथा दियारा: थाना क्षेत्र के चमथा दियारा इलाके में मंगलवार सुबह गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की डूबकर मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि बाइक भी उसमें बह गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित मुस्तफापुर गांव (वार्ड-2, बिशनपुर) निवासी नुनूलाल राय के 26 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक मृतक का चचेरा भाई मुकेश कुमार (25 वर्ष, पिता राम भजन राय) है।
विशनपुर पंचायत के पटनी चौक से बुझावन चौक के बीच आवागमन के लिए बनाई गई पुलिया पर यह हादसा हुआ। पिछले दिनों गंगा में आई बाढ़ का पानी दियारे के निचले हिस्सों में अभी भी भरा हुआ है और पानी उतरने के क्रम में कई जगहों पर तेज बहाव बना हुआ है। दोनों भाई बाइक से बुझावन चौक स्थित अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे थे। पटनी चौक के पास स्थित पुलिया पार करते समय अचानक बाइक तेज धारा की चपेट में आ गई और दोनों पानी में बहने लगे।
स्थानीय तैराकों ने तुरंत पानी में कूदकर दोनों को बचाने का प्रयास किया। मुकेश को तो सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन संजीत तेज धार में बहता चला गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने संजीत का शव पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घायल मुकेश को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार मृतक संजीत अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, इस पुलिया पर पिछले एक महीने के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले रक्षाबंधन के दिन भी बहन से राखी बंधवाने जा रहे एक युवक की इसी जगह डूबने से जान चली गई थी। पुलिया के दोनों किनारों पर कोई बैरिकेडिंग या रेलिंग नहीं होने के कारण पानी भरे रास्तों पर चालकों को सड़क की सीमा का अंदाजा नहीं मिल पाता।
घटना की सूचना पर विशनपुर पंचायत के मुखिया उदय कुमार राय और पूर्व मुखिया श्रीराम राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे का मुख्य कारण पुलिया पर सुरक्षा बैरिकेडिंग का अभाव बताते हुए प्रशासन से परिजनों को उचित मुआवजा देने और तत्काल बैरिकेडिंग लगाने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट