डीएनभारत डेस्क
वीरपुर: वीरपुर थाना क्षेत्र के मल्लाडीह गांव से करीब तीन साल पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए बालक साहिल के मामले में अब पुलिस हरकत में आई है। पटना उच्च न्यायालय द्वारा कड़ी फटकार लगाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन की नींद खुली है। अब पुलिस न केवल आसपास के जिलों बल्कि बिहार समेत अन्य राज्यों में भी उसकी खोजबीन कर रही है।
साहिल का सुराग लगाने के लिए प्रशासन ने जिले भर में व्यापक स्तर पर माइकिंग कराई है और जगह-जगह पोस्टर चस्पा किए हैं। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने साहिल के बारे में कोई भी पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
क्या था पूरा मामला? घटना 16 अक्टूबर 2023 की है। मल्लाडीह गांव स्थित एक खेत में साहिल अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर वीरपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, प्रारंभिक जांच में कोई ठोस सबूत न मिलने का हवाला देकर पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
इसी दौरान गांव की ही एक महिला ने साहिल के परिजनों से यह कहकर लगभग दो लाख रुपये की मांग की कि रुपये देने पर उनका बेटा वापस मिल जाएगा। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। तत्कालीन पुलिस अधिकारियों ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया और मामले की जांच फिर रुक गई।
अदालत के दखल के बाद बढ़ी हलचल लंबे समय तक पुलिसिया उदासीनता के बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा, जहां से पुलिस को सख्त फटकार लगाई गई। अदालत के कड़े रुख के बाद अब तीन साल बाद प्रशासन की सक्रियता पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट