अग्निशमन की टीम ने आग पर पाया काबू, हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव की घटना
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव में शनिवार को दूध गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए ब्लास्ट में दो बच्चों और एक महिला समेत कुल आठ लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि पोआरी गांव निवासी मनोहर सिंह के घर में 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर पर दूध गर्म किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
बताया जाता है कि आग बुझाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर जोरदार आवाज के साथ फट गया। सिलेंडर ब्लास्ट की चपेट में आने से मनोहर सिंह की पत्नी रीना देवी, पप्पू सिंह सहित मौके पर मौजूद कुल आठ लोग जख्मी हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने हरनौत थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घर में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक रसोई में रखा सामान जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।इस आगलगी की घटना में पांच लाख का नुकसान होने की बात सामने आ रही है।
डीएनबी भारत डेस्क